कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
ब्लॉक सहायक कृषि अधिकारी कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन एनएमएनएफ के तहत ग्राम चतुर्भुज के राजस्व ग्राम टापरी में शुक्रवार को एक दिवसीय जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को रसायन मुक्त खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान कृषि अधिकारी लक्ष्मण गांवरिया ने किसानों को जीवामृत, बीजामृत, वर्मी कम्पोस्ट जैसे जैविक उपायों के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि भूमि की उर्वरता और उत्पादकता भी बढ़ाती है। ब्लॉक सहायक कृषि अधिकारी रमेशचंद मीणा ने किसानों को विभागीय योजनाओं जैसे तारबंदी, फार्मपोंड, पाइपलाइन, कृषि यंत्रों और गोवर्धन जैव उर्वरक के बारे में विस्तार से अवगत कराया। वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक कोमल शर्मा ने भूमि सुधार में जिप्सम के उपयोग और उसके लाभों की जानकारी दी। वहीं कृषि पर्यवेक्षक मालीराम गुर्जर ने ग्रीष्मकालीन जुताई की प्रक्रिया एवं उसके फायदों पर प्रकाश डाला। कृषि पर्यवेक्षक रामसिंह यादव ने प्राकृतिक खेती के लिए मृदा नमूने लेने के महत्व पर जानकारी दी और किसानों को समय-समय पर मृदा परीक्षण कराने की सलाह दी।
2025-05-16