पावटा, बहरोड़, आंतेला व बानसूर में 172 किलो दूषित खाद्य सामग्री कराई नष्ट
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
त्यौहारी सीजन में आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले भर में सघन निरीक्षण एवं जब्ती अभियान शुरू किया गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक अविचल चतुर्वेदी, जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, एडीएम सोहन सिंह नरूका तथा सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पावटा, बहरोड़, आंतेला एवं बानसूर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने पावटा स्थित मैसर्स गोविन्द किराणा एवं श्री सांई मिष्ठान भण्डार से अवधिपार व दूषित 10 किलो घी, 29 लीटर रिफाइण्ड तेल, 17 किलो चाशनी व 18 किलो मैदा सहित लगभग 74 किलोग्राम अमानक सामग्री को जनहित में मौके पर ही नष्ट करवाया। इसके पश्चात बहरोड़ के छवि मेगा मार्ट व बाबा बाजार से धनिया, हल्दी व लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए, जबकि आंतैला स्थित शाही जोधपुर मिष्ठान भण्डार से बदबूदार 50 किलो मिल्क केक, 10 किलो बालूशाही, 30 किलो रसगुल्ला व 8 किलो चटनी सहित कुल 98 किलोग्राम बासी व दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। वहीं बानसूर के मैसर्स श्री महालक्ष्मी एंड संस से सोनपापड़ी एवं बेसन के नमूने एकत्रित किए गए। जांच दल द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य केन्द्रीय प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई व गुणवत्ता मानकों में पाई गई कमियों को तुरंत दुरुस्त करने की चेतावनी भी दी। इस व्यापक अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा, नेहा शर्मा, बहादुर सिंह चौधरी, राज सिंह चौहान एवं विजेन्द्र कुमार मुस्तैदी से शामिल रहे।
