KOTPUTLI-BEHROR: देर रात दुकान में भीषण आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

KOTPUTLI-BEHROR: देर रात दुकान में भीषण आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
शहर के पुराने नगर पालिका भवन के पीछे स्थित एक टेलर की दुकान में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम ने दुकान से धुआं उठता देखा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी और साथ ही दुकान मालिक को भी आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का कार्य शुरु किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक दुकान में रखे कपड़े, सिलाई मशीन और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि समय पर आग बुझा दी गई, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाकों में आग फैलने से बचाव हो गया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दुकान पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक रुप से खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट को इसका संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

Share :