कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
सरूण्ड थाना पुलिस ने चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई के निर्देश पर एएसपी नाज़िम अली और डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुडरक के सुपरविजन में सरूण्ड थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने मुखबिरी और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को दबोचा। मामला 5 मार्च की रात का है, जब अज्ञात चोरों द्वारा सीएचसी नारेहड़ा से ऑक्सीजन सप्लाई पाइपलाइन, बेड साइड/एसी कम्प्रेशर पाइप चोरी होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार था। गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान नारेहड़ा निवासी विष्णु उर्फ विशु पर संदेह गहराया। पुलिस ने उसे डिटेन कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु उर्फ विशु पुत्र परसराम जांगिड, निवासी खडब थाना सरूण्ड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है, साथ ही चोरी गए माल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
Share :
