छात्रों को बताई जैविक खेती की विधि
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
समीप के दांतिल ग्राम स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बुधवार को फील्ड विजिट के तहत प्रिंसिपल अजय सिंह यादव के नेतृत्व में गोरधनपुरा स्थित जैविक कृषि फार्म का भ्रमण किया। इस दौरान फार्म मालिक जितेश कुमार यादव ने जैविक खाद्य, पौधारोपण, मिट्टी परीक्षण व नर्सरी आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेती में रसायनों के अधिक मात्रा में उपयोग से वातावरण तथा मनुष्य सहित सभी जीवों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। प्रिंसिपल अजय यादव ने बताया कि बच्चों को नर्सरी से लेकर अंगूर की खेती, बागवानी, बतख पालन, मुर्गी पालन, ग्रीन हाउस तथा पशुपालन का भ्रमण करवाया गया। फार्म पर केंचुए से निर्मित वर्मी कंपोस्ट खाद्य को बनाने तथा उसके महत्व के बारे में जानकारी दी गई। फार्म का मुख्य आकर्षण केंद्र देशी गाय पालन, गोबर गैस प्लांट तथा नर्सरी रहा। अजय यादव ने कहा कि भ्रमण का मुख्य उद्देश्य परंपरागत कृषि को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न प्रकार के पौधों की प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त करना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाना था।