KOTPUTLI-BEHROR: ग्रामीणों ने चौथी बार लगाई सरकार से गुहार

KOTPUTLI-BEHROR: ग्रामीणों ने चौथी बार लगाई सरकार से गुहार

मैड़ कुंडला को पंचायत समिति बनाने की मांग, आरपार की लड़ाई की चेतावनी

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
नवीन और पुनर्गठन में प्रस्तावित मैड़ कुंडला पंचायत समिति की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। सोमवार को संघर्ष समिति के संरक्षक संत शंकरनाथ महाराज नवरंगपुरा एवं सेवानिवृत्त एसडीएम हरफूल फागना के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम विराटनगर को ज्ञापन सौंपा और प्रस्ताव को जिला कलेक्टर व सरकार को शीघ्र भेजने की मांग की। मैड़ कुंडला पंचायत समिति बनाओ संघर्ष समिति के प्रवक्ता शिवपाल सूद सेवरा ने बताया कि प्रस्तावित नई पंचायत समिति में 20 ग्राम पंचायतें मैड़, जोधुला, तालवा, पूरावाला, आमलोदा, पालड़ी, बड़ोदिया, भामोद, नौरंगपुरा, बीलवाड़ी, चतरपुरा, बागावास चौरासी, तेवड़ी, सेवराखेड़ा, श्यामपुरा, श्यामनगर, बरवाड़ा, बियावास, भोजेरा व हरिकिशनपुरा (प्रस्तावित) और समीपवर्ती 3 अन्य पंचायतें गुर्जरपुरा, खातौलाई, जवानपुरा, सम्मिलित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से विकास से वंचित रहा है और राजनैतिक उपेक्षा का शिकार रहा है।

प्रस्ताव नहीं भेजने से बढ़ रहा आक्रोश

प्रशासन की लापरवाही और अब तक प्रस्ताव सरकार को नहीं भेजे जाने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। चौथी बार ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि अब भी प्रस्ताव नहीं भेजा गया तो वे आरपार का आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर कई महिला ग्रामीणों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पंचायत समिति की मांग को मजबूती से उठाया। ग्रामीणों का मानना है कि मैड़ कुंडला को पंचायत समिति का दर्जा मिलने से स्थानीय विकास, रोजगार और प्रशासनिक सुगमता को बल मिलेगा। इस दौरान कन्हैयालाल सराधना, महावीर यादव, जगदीश तंवर, रोहिताश भड़ाना, अविल शर्मा, रामावतार गुर्जर, श्रीराम दौराता एडवोकेट, शिंभू यादव, घनश्याम शर्मा, सुमन गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Share :