KOTPUTLI-BEHROR: मजदूरों के सम्मान में विभिन्न संस्थाओं ने बढ़ाया कदम

KOTPUTLI-BEHROR: मजदूरों के सम्मान में विभिन्न संस्थाओं ने बढ़ाया कदम

उपहार भेंटकर जताया आभार

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर क्षेत्र की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में कार्यक्रम आयोजित कर श्रमिकों और सहायक कर्मचारियों के प्रति सम्मान व जागरुकता का भाव प्रकट किया गया। शहर के पनियाला मोड़ स्थित दिल्ली पब्लिक वल्र्ड स्कूल में गुरुवार को आयोजित समारोह में नन्हे-मुन्ने छात्रों ने रंगारंग नाटक प्रस्तुत कर समाज में मजदूरों की भूमिका को सजीव रुप से दर्शाया। प्रधानाध्यापिका बिंदु सांगवान ने स्कूल के बस चालकों, परिचालकों, माली, सफाईकर्मी व चौकीदार जैसे सहायक कर्मचारियों को गिफ्ट कार्ड भेंट कर उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मजदूर देश की प्रगति के आधार स्तंभ हैं और उनके योगदान का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस मौके पर कर्मचारियों के लिए रस्साकस्सी, म्यूजिकल चेयर जैसे मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए। इधर, हंस लॉ कॉलेज में तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में मजदूरों के अधिकारों पर केंद्रित विधिक जागरूकता सेमिनार का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कॉलेज निदेशक उमेश बंसल ने श्रमिकों को उचित वेतन, काम के घंटे, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, श्रमिक मुआवजा, सुरक्षित कार्यस्थल और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। प्राचार्य डा.प्रेमप्रकाश यादव ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना के बिना सामाजिक न्याय अधूरा है। सेमिनार में लोक कला, नुक्कड़ नाटक, प्रचार वाहन, हेल्पलाइन 5100 और नालसा पोर्टल जैसी योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को विधिक सहायता और उनके अधिकारों के बारे में जागरुक किया गया। सहायक आचार्य निशा मिश्रा, आयुषी मान, राहुल सोनी सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे। दूसरी ओर द राजस्थान स्कूल में भी मजदूर दिवस की महत्ता पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। प्रधानाचार्य शालिनी चौधरी ने कहा कि मजदूर समाज की व्यवस्था का मूल आधार हैं। बर्सर विकास चौधरी व उप प्रधानाचार्य रमेश सकलानी ने भी विचार रखे।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *