विजेताओं पर बरसे नकद पुरस्कार
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के तत्वावधान में सत्र 2026-27 की जिला स्तरीय बौद्धिक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शहर के पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान निबंध, क्विज, आशुभाषण, एकल गीत एवं चित्रकला विधाओं में जिले भर के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी अभिव्यक्ति, कला और बौद्धिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बोर्ड द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 7,500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 6,000 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार निर्धारित किया गया। कड़े मुकाबले के बाद घोषित परिणामों में निबंध प्रतियोगिता में गरिमा मीणा ने प्रथम, जिया ने द्वितीय और वंदना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ज्ञान-विज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में हेमलता सैनी अव्वल रहीं, जबकि प्रिंस दूसरे और दीपेश तीसरे स्थान पर रहे। आशुभाषण में गीता ने बाजी मारते हुए पहला, यशस्वी सैन ने दूसरा और मुस्कान ने तीसरा स्थान पाया। सुरीले सुरों से सजी एकल गीत प्रतियोगिता में लक्की गौड़ ने प्रथम, दामिनी कुमारी ने द्वितीय व तन्नू ने तृतीय स्थान हासिल किया, तो चित्रकला में रंगों के उत्कृष्ट संयोजन के साथ गौरी प्रथम, खुशी द्वितीय और सोनिया तृतीय रहीं। पूरे आयोजन का कुशल संचालन ऑब्जर्वर मुकेश कुमार जाट और निर्णायक नरेश पायला की देखरेख में निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बाबूलाल कुमावत के साथ-साथ पुष्पा सैनी, रेखा, उमा, महेंद्र, राजीव, राजेश और ममता सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
