एनएच-48 पर ‘लुक एंड फील’ पहल से बदलेगी हाईवे की सूरत

एनएच-48 पर ‘लुक एंड फील’ पहल से बदलेगी हाईवे की सूरत

कैट आई और सोलर रोड स्टड से सुरक्षित होगा रात्रिकालीन सफर, सौंदर्यीकरण कार्य तेज

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कोटपूतली क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-48 को अधिक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा लुक एंड फील पहल के अंतर्गत बड़े स्तर पर सड़क सौंदर्यीकरण और सुरक्षा संबंधी कार्यों को गति दी जा रही है। एनएचएआई जयपुर के परियोजना निदेशक अजय कुमार आर्य के दिशा-निर्देशानुसार संचालित इन कार्यों के तहत पूरे राजमार्ग पर कैट आई, अत्याधुनिक सोलर रोड स्टड लगाने के साथ-साथ रोड केर्ब पेंटिंग का कार्य युद्धस्तर पर प्रगतिरत है। परियोजना निदेशक अजय कुमार आर्य ने बताया कि इन विशेष कार्यों का मुख्य उद्देश्य केवल राजमार्ग के बाहरी स्वरूप को संवारना ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता प्रदान कर सड़क सुरक्षा को अभूतपूर्व रूप से सुदृढ़ करना है। राजमार्ग पर स्थापित किए जा रहे कैट आई और सोलर रोड स्टड विशेष रूप से रात के समय, धुंध और कम रोशनी की स्थिति में बेहद कारगर साबित होंगे, जिससे सड़क की प्रत्येक लेन और मोड़ की दिशा दूर से ही स्पष्ट दिखाई देगी। इससे चालकों को समय रहते मार्ग का सटीक आकलन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने में काफी आसानी होगी, जिससे संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। इसके साथ ही सड़क के किनारों पर की जा रही रोड केर्ब पेंटिंग से हाईवे की सीमाएं एकदम साफ व सुव्यवस्थित नजर आएंगी, जो चालकों को सही मार्गदर्शन देने के साथ-साथ पूरे कॉरिडोर को एक आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करेंगी। इन बहुआयामी प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग न केवल खूबसूरत और आधुनिक दिखेगा, बल्कि इस व्यस्ततम मार्ग से गुजरने वाले हजारों मुसाफिरों और दैनिक यात्रियों के लिए सफर पहले से कहीं अधिक सुगम, आरामदायक और सुरक्षित बन सकेगा।

Share :