जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कोटपूतली में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने चुनाव कार्य में नियुक्त समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण गंभीरता, सजगता व जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील दायित्व में किसी भी प्रकार की कोताही, बिना सक्षम अनुमति के अनुपस्थिति या निर्देशों की अवहेलना को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे दोषी कार्मिकों के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चुनाव प्रक्रिया में हर स्तर के कार्मिक की भूमिका को अहम बताते हुए उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों का निष्पादन करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ईवीएम के सुरक्षित रखरखाव, तय प्रक्रिया के तहत उसके संचालन और समस्त निर्वाचन सामग्री के समुचित प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर तुरंत एक्शन लेने के आदेश देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी से पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर चुनाव को निर्विघ्न संपन्न कराने का आह्वान किया।
