एलबीएस कॉलेज कोटपूतली से ईवीएम व सामग्री लेकर मतदान दल बूथों के लिए रवाना

एलबीएस कॉलेज कोटपूतली से ईवीएम व सामग्री लेकर मतदान दल बूथों के लिए रवाना

चार पंचायत समितियों में मतदान 3 नवम्बर को, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार को यहां के राजकीय लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय से मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण व सामग्री वितरण के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका की मौजूदगी में महाविद्यालय परिसर में स्थापित वितरण केंद्र से कार्मिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें, निर्वाचन सामग्री व आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए और चुनाव आयोग के नियमों की अक्षरशः पालना के सख्त निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि इस तीसरे चरण में जिले की चार प्रमुख पंचायत समिति नीमराना, विराटनगर, मैड़-कुण्डला एवं बहरोड़ के अंतर्गत आने वाली 108 ग्राम पंचायतों के कुल 342 मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र का महापर्व आयोजित हो रहा है, जिसमें नीमराना की 40 ग्राम पंचायतों में 136 बूथ, विराटनगर की 27 ग्राम पंचायतों में 79 बूथ, मैड़-कुण्डला की 18 ग्राम पंचायतों में 57 बूथ तथा बहरोड़ की 23 ग्राम पंचायतों में 70 बूथ शामिल हैं। निर्धारित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार इन सभी केंद्रों पर 3 नवम्बर को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए तथा 5 नवम्बर को पंच व सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, साथ ही सभी दलों को समय पर केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने और पूर्ण निष्पक्षता व सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देकर रवाना किया गया है।

Share :