छात्राओं को दिया आत्मरक्षा और नारी सशक्तीकरण का संदेश

छात्राओं को दिया आत्मरक्षा और नारी सशक्तीकरण का संदेश

हंस कॉलेज में दुर्गा अष्टमी पर शस्त्र पूजन संपन्न

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
विश्व हिंदू परिषद, जिला कोटपूतली के तत्वावधान में स्थानीय हंस कॉलेज के सभागार में दुर्गा अष्टमी एवं पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा व उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जिसमें दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं और महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. अश्वनी गोयल ने दुर्गा वाहिनी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास, अदम्य साहस एवं कड़े अनुशासन के साथ अपनी आत्मरक्षा के प्रति निरंतर सजग रहने तथा राष्ट्र व संस्कृति के प्रति निष्ठापूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मातृशक्ति की प्रांत सह-संयोजिका बाला देवी ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने व सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया, जबकि जिला संयोजिका अलका शर्मा ने दुर्गा वाहिनी के विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के जरिए आत्मरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया। महाविद्यालय के निदेशक उमेश बंसल ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में सनातन संस्कृति, उच्च संस्कार तथा नारी शक्ति के प्रति अगाध सम्मान की भावना सुदृढ़ होती है। शस्त्र पूजन के माध्यम से शक्ति, शौर्य और नारी स्वाभिमान का स्पष्ट संदेश देने वाले इस गरिमामय समारोह में जिला सहमंत्री शिव कुमार गुप्ता, नगर संयोजिका प्रीति गुप्ता, वीनू जी, नगर मंत्री तूफान सोनी, नगर उपाध्यक्ष अमर सिंह सोनी, जिला कार्यकर्ता नरेंद्र सैनी तथा कॉलेज स्टाफ से नेहा शर्मा, सुधा रानी, प्रिया गुर्जर, मंजू सिंह, मोनिका, विनिता चौहान व विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share :