कृषि वैज्ञानिकों ने किया खेतों का भ्रमण
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
कृषि विज्ञान केंद्र गोनेड़ा के वैज्ञानिकों ने कुजोता गांव में चने की खराब हो रही फसल का भ्रमण कर किसानों को असंस्थागत प्रशिक्षण दिया। वरिष्ठ वैज्ञानिक डा.सुपर्ण सिंह शेखावत ने किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकी अपनाते हुए खेती कर कम लागत से अधिक पैदावार करने एवं पानी की बचत करने की सलाह दी। केंद्र के वैज्ञानिक डा.रामप्रताप ने रबी फसलों की क्रांतिक अवस्था पर सिंचाई करने पर चर्चा करते हुए कम पानी से अधिक पैदावार करने पर जोर दिया तथा रबी फसलों की शस्य क्रियाओं पर चर्चा की। केंद्र के वैज्ञानिक डा.रेणू कुमारी गुप्ता ने चने का उखटा रोग की रोकथाम एवं प्रबंधन तथा रबी फसलों की प्रमुख बीमारियां एवं उनके प्रबंधन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डा.रामप्रताप ने किया।