राम नवमी पर निकली भव्य शोभा यात्रा
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
राम नवमी पर भागवत धर्म एवं संस्कृति परिवार कोटपूतली द्वारा रविवार को भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत तेजस दास महाराज के पावन सान्निध्य में तुलसी पूजन और ठाकुरजी के महाअभिषेक से हुई। भक्तों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान का अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को छप्पन भोग की झांकी के दर्शन कराए गए, जो श्रद्धा और भव्यता का अद्वितीय उदाहरण रही। झांकी के उपरांत हुई हरिकथा में श्रीराम के जीवन आदर्शों और उनकी दिव्य लीलाओं का मार्मिक वर्णन किया गया, जिससे उपस्थित भक्त भावविभोर हो उठे। शाम को ठाकुरजी को पालकी में विराजमान कर नगर शोभा यात्रा निकाली गई, जो लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर शहर में नगर भ्रमण पर निकली। इस दौरान भक्तगण हरि कीर्तन करते हुए व श्रीराम नाम का गुणगान करते चल रहे थे। इस धार्मिक आयोजन में पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, भाजपा नेता दिनेश मित्तल, डा.महेंद्र सिंह पलसानिया, प्रवीण बंसल, पराग गुप्ता, घनश्याम अथोनिया, संजय मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, जितेंद्र जोशी, हेमंत अग्रवाल, अमित शर्मा, शेखर कुमार, नीरज तातारपुरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए।