जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने दिए अतिक्रमण हटाने और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, प्रकाश एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासनिक व नगरीय निकायों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नगरीय निकायों के विकास कार्यों, शहरी सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण, आवारा पशुओं की रोकथाम, सीवरेज, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नियमित पेयजल आपूर्ति और कचरा प्रबंधन की गहन समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई के साथ कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कराया जाए। इसके साथ ही पार्कों और प्रमुख चौराहों का रख-रखाव करने, टूटी सड़कों की मरम्मत, जलभराव व सीवरेज समस्याओं के त्वरित समाधान और निर्बाध पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर दिया गया। त्योहारों के दौरान बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात सुगम बनाए रखने के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और फुटपाथों से अनधिकृत अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए गए, साथ ही आवारा पशुओं के प्रभावी प्रबंधन के आदेश दिए ताकि दुर्घटनाओं और आमजन की परेशानी से बचा जा सके। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, नियमित मॉनिटरिंग करने और संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व संतोषजनक निस्तारण करते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए ताकि त्योहारों के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस बैठक में नगर परिषद कोटपूतली के आयुक्त अरुण शर्मा, नगर परिषद बहरोड़ के आयुक्त अभिषेक सैनी, नगर पालिका बानसूर के अधिशासी अधिकारी विशाल यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
