निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन मुस्तैद
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में ईवीएम का द्वितीय स्तरीय रेंडमाइजेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस प्रक्रिया के जरिए द्वितीय चरण में होने वाले जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य चुनावों के लिए मतदान केंद्रों हेतु ईवीएम का रैंडम आवंटन किया गया। पूरी प्रक्रिया को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी एडवोकेट अशोक सुरेलिया, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष रघुवीर प्रसाद गोयल और डीसीसी प्रवक्ता वी.के. नवल की उपस्थिति में निर्धारित सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रदर्शित कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों को ईवीएम के सुरक्षित परिवहन, भंडारण और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन में निष्पक्षता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका, कोटपूतली एसडीएम योगेश सिंह देवल, पावटा एसडीएम बृजेश कुमार, बानसूर एसडीएम नवनीत कुमार, नारायणपुर एसडीएम सुरेन्द्र प्रसाद, निर्वाचन तहसीलदार स्नेहलता राजोरिया सहित चुनाव शाखा के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
