किसानों को दिए पैदावार बढ़ाने के गुर
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कृषि विज्ञान केन्द्र पर जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हो गया। 28 से 31 अक्टूबर तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में रबी की प्रमुख फसलों, विशेषकर जौ एवं गेहूं की उन्नत कृषि तकनीकों पर विभिन्न व्याख्यानों का आयोजन किया गया। समापन सत्र में केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुपर्ण सिंह शेखावत ने किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराते हुए आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने घटते भूजल स्तर के मद्देनजर किसानों को पानी का सदुपयोग करने तथा कम पानी में उन्नत तकनीकों के जरिए अधिक पैदावार प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया। केन्द्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामप्रताप ने किसानों को जौ एवं गेहूं की वैज्ञानिक विधि से खेती करने, खेत तैयार करने से लेकर फसल की कटाई तक अपनाई जाने वाली तमाम उन्नत विधियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन, समन्वित खरपतवार नियंत्रण और फसलों की क्रांतिक अवस्थाओं पर ही सही समय पर सिंचाई करने की सलाह दी। वहीं केन्द्र की पादप संरक्षण वैज्ञानिक डॉ. रेनू कुमारी गुप्ता ने रबी मौसम के खाद्यान्नों में बीजोपचार की सही विधियों, फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों एवं कीटों के नियंत्रण के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।
