अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भी भिड़े दोनों पक्ष

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
जिले के बासदयाल थाना क्षेत्र स्थित खिवाड़ी रसनाली ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव संपन्न होने के कुछ ही घंटों बाद चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रसनाली ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान हुआ था, जिस दौरान वोटिंग को लेकर महिलाओं के बीच आपसी विवाद और तीखी कहासुनी हो गई थी। उस समय गांव के पंच-पटेलों ने समझाइश कर मामला शांत करवा दिया, जिसके बाद देर रात शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना कर परिणाम भी घोषित कर दिया गया, लेकिन दोनों गुटों के बीच भीतर ही भीतर रंजिश बरकरार रही। शनिवार सुबह अचानक एक बार फिर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद लाठी-डंडों से लैस हिंसक टकराव में बदल गया। दोनों ओर से हुए ताबड़तोड़ हमलों में एक पक्ष के अमरसिंह, सत्या देवी, कृष्ण कुमार, मनोहर, चंदौडी, कैलाश, सुनील कुमार और नरसिंह समेत आठ लोग चोटिल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के गबदु, चेतराम, देवकरण, बत्तोडी, प्रकाश, पृथ्वी और कृष्ण कुमार सहित सात से अधिक लोग घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए कोटपूतली के राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया ही था कि अस्पताल परिसर में ही दोनों पक्षों के परिजन एक बार फिर आमने-सामने हो गए और उनके बीच गाली-गलौज व हाथापाई शुरू हो गई। ट्रॉमा सेंटर में अचानक हुए इस हंगामे से अफरा-तफरी मच गई और अन्य मरीजों के तीमारदार इधर-उधर भागने लगे। अस्पताल में बिगड़ते हालात को देखते हुए पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर ने तुरंत कोटपूतली थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया, हालांकि तब तक झगड़ा करने वाले लोग वहां से खिसक चुके थे। अस्पताल में उपचाराधीन दोनों पक्षों के घायलों ने एक-दूसरे पर चुनावी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और बासदयाल थाना पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है।

