KOTPUTLI-BEHROR: जाम ने बढ़ाया सिरदर्द, दिन भर जूझते रहे वाहन चालक

KOTPUTLI-BEHROR: जाम ने बढ़ाया सिरदर्द, दिन भर जूझते रहे वाहन चालक

पिछले कई दिनों से ध्वस्त है जयपुर-दिल्ली लेन की ट्रैफिक व्यवस्था

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बढ़ी जाम की समस्या ने वाहन चालकों के साथ-साथ शहर के वाशिंदों की परेशानी भी बढ़ा दी है। पिछले कई दिनों से राजमार्ग पर जारी मरम्मत कार्य के चलते जयपुर-दिल्ली लेन के साथ-साथ शहर की सडक़ों और हाईवे की सर्विस लेन पर दिन भर जाम की समस्या बनी रहती है। रविवार को हाईवे पर जयपुर-दिल्ली लेन पर करीब 4 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। आपको बता दें कि विगत कुछ दिनों से हाईवे पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। निर्माण कंपनी द्वारा हाईवे की खुदाई कर नए सिरे से डामरीकरण किया जा रहा है। ट्रैफिक का दबाव अधिक होने और रफ्तार बेहद धीमी होने के कारण रविवार को भी शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में निजी कारों के अलावा सैंकड़ों भारी वाहन से लेकर जरुरी सेवाओं के साधन और एम्बुलेंस भी फंसी रही। हाईवे पर लगे जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन सर्विस लेन से होकर फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने लगे। इसके चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई। आवागमन सुचारु करने के लिए पुलिस थाने से अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया था, लेकिन ट्रैफिक भार अधिक होने के कारण पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए।

Share :