कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्थान के स्थानीय सेवा केन्द्र में महिला सशक्तिकरण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डा.मंजू मौर्य ने कहा कि आज की महिलाएं धरती से आकाश तक परचम लहरा रही हैं। उन्होंने महिलाओं की चरित्र निर्माण में अहम भूमिका को रेखांकित किया और उनके योगदान को सराहा। संस्थान प्रभारी बीके लक्ष्मी बहन ने कहा कि परमात्मा ने ज्ञान का कलश माताओं के सिर पर रखा है और आज ब्रह्माकुमारी संस्था महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। बीके मीना बहन ने ब्रह्मकुमारी संस्थान द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रमुख समाजसेवी अशोक बंसल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। चाहे वह राजनीति हो, समाज सेवा हो या अन्य क्षेत्र। इससे पहले डा.मंजू मौर्य का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। संस्थान से जुड़ी नन्ही बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का संचालन बीके प्रियंका बहन ने किया।
2025-03-09