दोस्तों ने ही रची खौफनाक साजिश: उप सरपंच पति की हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश

दोस्तों ने ही रची खौफनाक साजिश: उप सरपंच पति की हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश

तीन गिरफ्तार, वारदात में शामिल कार जब्त

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़

जिले के बहरोड़ थाना क्षेत्र में रिवाली पंचायत की उपसरपंच के पति उपदेश यादव की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसपी सतवीर सिंह के सख्त निर्देशों के बाद एएसपी सुरेश कुमार खींची, डीएसपी सचिन शर्मा और थानाधिकारी रविंद्र कुमार की अगुवाई में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भीटेड़ा गांव के ही आरोपी सतनाम यादव, टीनू यादव और सत्यवीर यादव को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई नई स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है। दरअसल, रविवार की अलसुबह दहमी-रिवाली रोड पर खेत जाने वाले रास्ते में उपदेश यादव का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे।

एफएसएल और तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस ने उपदेश के मोबाइल की कॉल डिटेल व लोकेशन के आधार पर जांच तेज की। जांच में सामने आया कि 8 अगस्त की शाम उपदेश यादव अपने ही गांव के तीनों आरोपियों के साथ कार में कुशालगढ़ घूमने गए थे। रात करीब 10 बजे वापसी के दौरान शराब के नशे में कार के भीतर ही दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। हाईवे किंग और हमजापुर की ढाणी के पास जब विवाद काफी बढ़ गया, तो तीनों आरोपियों ने गाड़ी रोककर उपदेश को खींचकर बाहर निकाला और उसके साथ सड़क पर ही बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान सड़क पर पड़ी रोड़ी पर सिर में चोट लगने और लात-घूंसों के वार से गंभीर ‘ब्लड क्लॉट’ हो गया, जिससे उपदेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए थे। बहरोड़ डीएसपी सचिन शर्मा ने इस पूरी घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अब हत्या के पीछे की पुरानी रंजिश और झगड़े के असल कारणों का पता लगाने के लिए कड़ाई से अनुसंधान कर रही है।

Share :