कोटपूतली के गंगा सागर तालाब पर दीपोत्सव से गूंजा शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

कोटपूतली के गंगा सागर तालाब पर दीपोत्सव से गूंजा शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने की निर्भीक मतदान की अपील

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता के लिए संचालित ‘स्वीप’ गतिविधियों के तहत मंगलवार शाम को शहर के ऐतिहासिक गंगा सागर तालाब पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तालाब परिसर में दीप प्रज्वलित कर आमजन को लोकतांत्रिक सहभागिता और शत-प्रतिशत मतदान का प्रेरक संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च अधिकार और दायित्व है। उन्होंने आमजन से बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा भय के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आह्वान किया। जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से युवाओं से समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने तथा दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं से मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विशेष सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने दीप जलाकर खुद मतदान करने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला स्वीप नोडल एवं एसीईओ गोपाल मीणा, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, कोटपूतली बीडीओ भागीरथ मल मीणा तथा डीईओ नंदलाल मीणा सहित विभागीय कार्मिक व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Share :