शुक्लावास ग्राम पंचायत में लाखों के फर्जीवाड़े का आरोप

शुक्लावास ग्राम पंचायत में लाखों के फर्जीवाड़े का आरोप

सरपंच के खिलाफ एसीबी महानिदेशक को सौंपा परिवाद

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कोटपूतली क्षेत्र की ग्राम पंचायत शुक्लावास में सरकारी योजनाओं में बड़े स्तर पर धांधली और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जिसको लेकर ग्रामीणों ने जयपुर पहुंचकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता को परिवाद सौंपा, जिस पर डीजी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शुक्लावास के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शामिल राहुल बराला, योगेश यादव, अरुण यादव और विक्रम यादव आदि ने आरोप लगाया कि सरपंच सचिन यादव ने अपने कार्यकाल में बिना कार्य कराए ही अपनी माता, ताई, ताऊ, चचेरे भाइयों और दिव्यांग चाचा सहित परिजनों के नाम पर फर्जी मजदूरी के बिल-वाउचर उठाकर लाखों रुपये का गबन किया है। परिवाद के अनुसार, ग्रेवल व इंटरलॉकिंग सड़क, कचरा संग्रहण, वृद्धाश्रम, पेयजल आपूर्ति और खेल मैदान जैसे विकास कार्यों में भारी हेराफेरी करते हुए कुल 33,34,335 रुपये के फर्जी भुगतान ऑनलाइन उठाए गए हैं। यहां तक कि ढाणी म्याना वाली, ढाणी डालूकाली और हरचंद जाट की ढाणी में बिना काम कराए या ग्रामीणों से काम कराकर अपने परिवार के नाम भुगतान उठा लिया गया। इसके अलावा, वर्तमान में प्रशासक पद पर रहते हुए सचिन यादव पर अपनी माता के चुनाव प्रचार में पद के दुरुपयोग, मतदाताओं पर दबाव बनाने और आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जांच प्रभावित न हो इसके लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रशासक पद से हटाने की भी मांग की गई है।

Share :