अविका, यशस्वी, हेमलता, सोनिया व लक्की ने मारी बाजी
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर के तत्वावधान में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के बौद्धिक, रचनात्मक एवं कलात्मक कौशल संवर्धन के उद्देश्य से सरदार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटपूतली में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय स्तर पर अव्वल रहे प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सत्र 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस स्पर्धा में निबंध लेखन में अविका जाट, आशु भाषण में यशस्वी सैनी, क्विज (प्रश्नोत्तरी) में हेमलता सैनी, चित्रकला में सोनिया तथा एकल गीत प्रतियोगिता में लक्की गौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ब्लॉक स्तर पर अपना परचम लहराया। समारोह में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पूरण कसाना एवं प्रतियोगिता संयोजक तथा विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार बंसल ने विजेता विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया और उन्हें आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य पुष्पा सैनी, मनमोहन सिंह यादव, सुनीता मीणा, गुरुदयाल यादव, नरेश कुमार, राजेश कुमार एवं संदीप जांगिड़ द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि ये सभी विजेता प्रतिभागी आगामी 2 से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में कोटपूतली ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
