बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के अंतर्गत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए द्वितीय एवं तृतीय चरण का मतदान संपन्न करवाने हेतु मतदान दलों की रवानगी राजकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय, कोटपूतली से सुनिश्चित की जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से पूरा कराने के लिए सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्ट्रांग रूम से ही पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्य पदों के चुनाव हेतु इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा सरपंच एवं पंच पदों के लिए आवश्यक मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम प्रशिक्षण सत्र संपन्न होने के तुरंत बाद पोलिंग पार्टियों को सामग्री सुपुर्द कर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों में तैनात सभी कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने, समय की पाबंदी बरतने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए जिले में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
2026-10-23
