जिला एनकॉर्ड बैठक में कलेक्टर व एसपी के सख्त निर्देश

जिला एनकॉर्ड बैठक में कलेक्टर व एसपी के सख्त निर्देश

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता एवं जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह की मौजूदगी में शुक्रवार को जिला नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध भंडारण, बिक्री और आपूर्ति पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विभागों को संयुक्त व सख्त कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही पुलिस व अन्य संबंधित विभाग त्वरित समन्वय बनाकर दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कदम उठाएं। उन्होंने जिले में संचालित पंजीकृत एवं अवैध नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, अनियमितता मिलने पर सील करने, तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास चाय की थड़ियों व दुकानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि छात्र व युवा वर्ग नशे के जाल से दूर रह सके। वहीं, पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर ध्वस्त करने, एनएच-48 पर स्थित होटल-ढाबों पर नियमित चेकिंग करने और तस्करों के अवैध निर्माण व कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा बैठक में शराब ठेकों के समय की पाबंदी, मेडिकल दुकानों के औचक निरीक्षण, अवैध नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक तथा संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने पर विस्तृत रणनीति तय की गई। कलेक्टर ने पुलिस, आबकारी, चिकित्सा और शिक्षा विभाग को साझा अभियान चलाकर जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। बैठक में एडीएम सोहन सिंह नरुका, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, पीडब्ल्यूडी एसई जगदीश प्रसाद यादव तथा डीटीओ सुनील कुमार सैनी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Share :