23 पंचायतों में निर्विरोध चुने गए उपसरपंच, दो जगह लॉटरी से हुआ फैसला

23 पंचायतों में निर्विरोध चुने गए उपसरपंच, दो जगह लॉटरी से हुआ फैसला

कोटपूतली की 30 ग्राम पंचायतों में उप सरपंचों का चुनाव संपन्न

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कोटपूतली पंचायत समिति क्षेत्र की सभी 30 ग्राम पंचायतों में शनिवार को उप सरपंच पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। सरपंच चुनाव के ठीक अगले दिन शनिवार को आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया में क्षेत्र के अधिकांश गांवों में आपसी सहमति और तालमेल की मिसाल देखने को मिली, जिसके चलते 30 में से 23 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच निर्विरोध चुन लिए गए। वहीं शेष 7 ग्राम पंचायतों में वार्ड पंचों के बीच सहमति न बन पाने के कारण मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया के दौरान दो ग्राम पंचायतों में मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर छूटने के कारण प्रशासन को लॉटरी का सहारा लेना पड़ा। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पीठासीन अधिकारियों ने नवनिर्वाचित उपसरपंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। परिणाम सामने आते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप और पटाखों की गूंज के साथ अपने उपसरपंचों का स्वागत किया तथा फूल-मालाओं से लादकर विजय जुलूस निकाला।
23 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुने गए उपसरपंच, गांवों में दिखी आपसी सहमति
​पंचायत समिति की 23 ग्राम पंचायतों में वार्ड पंचों ने एकजुटता दिखाते हुए बिना किसी मुकाबले के उप सरपंच का चयन किया। प्राप्त सूची के अनुसार पवाना अहीर से सुनील, बनेठी से सुनील सिंह, खेड़ा निहालपुरा से हरचन्द, कायमपुरा बास से मनीष कुमार मीणा, कंवरपुरा से बुधराम रेवाला तथा चिमनपुरा से रंगलाल निर्विरोध उप सरपंच निर्वाचित हुए। इसी प्रकार कुहाड़ा से कबूली देवी, कुजोता से राजेन्द्र योगी, खड़ब से सुनिता देवी, जयसिंहपुरा से श्रीचंद, देवता से बल्लू कंवर, भालोजी से मनीषा कुमारी तथा बसई से पुष्पा को निर्विरोध चुना गया। इसके अलावा हांसियावास से मंजू देवी, बनार से नईम मोहम्मद, राजगढ़ से कुशाल कंवर, रायकरणपुरा से आशा देवी, अमरपुरा से मीरा देवी, बनका से सपना देवी, कल्याणपुरा कलां से अलका देवी, बखराना से रामकिशन, मोरदा से विक्रम और केशवाना राजपूत से धोली देवी निर्विरोध उपसरपंच बनने में सफल रहीं। निर्विरोध निर्वाचन से कई गांवों में आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
चूरी और आसपुरा में लॉटरी से तय हुआ विजेता
​जिन 7 ग्राम पंचायतों में सर्वसम्मति नहीं बन सकी, वहां वार्ड पंचों के बीच मतदान कराया गया। इस दौरान चूरी और आसपुरा ग्राम पंचायत में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां उम्मीदवारों को बराबर मत मिलने पर परिणाम का फैसला लॉटरी के जरिए किया गया। लॉटरी के आधार पर चूरी ग्राम पंचायत में मोजीराम तथा आसपुरा ग्राम पंचायत में सुमन देवी को उप सरपंच घोषित किया गया। वहीं अन्य चुनावी मुकाबलों में नारहेडा से सुभाष चंद्र आर्य, गोरधनपुरा से संदीप कुमार, छारदड़ा से मनेश कुमार यादव, दादूका से मोहन लाल सैनी और शुक्लावास से लोकेंद्र कुमार ने मतदान प्रक्रिया में जीत दर्ज कर उपसरपंच पद की कमान संभाली। निर्वाचन के बाद सभी नवनिर्वाचित उप सरपंचों ने गांव के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।

Share :