पंचायतीराज चुनाव में लापरवाही पर जिला निर्वाचन अधिकारी का कड़ा एक्शन

पंचायतीराज चुनाव में लापरवाही पर जिला निर्वाचन अधिकारी का कड़ा एक्शन

एक कार्मिक निलंबित, 164 को कारण बताओ नोटिस जारी

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
पंचायतीराज आम चुनाव के तहत निर्वाचन कार्य में लापरवाही और कोताही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने वाहन प्रकोष्ठ में नियुक्त मोटर वाहन निरीक्षक (उप परिवहन कार्यालय बहरोड़) रविन्द्र सिंह भाटी को कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं मतदान दलों की रवानगी से पूर्व आयोजित अंतिम प्रशिक्षण सत्र में बिना अनुमति गैरहाजिर रहने वाले 164 कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस थमा दिए गए हैं। जारी आदेशों के तहत यह स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन कार्य एक अत्यंत संवेदनशील, जिम्मेदारीपूर्ण और राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संपादन के लिए सभी नियुक्त कार्मिक निर्धारित समय पर अपने प्रशिक्षणों एवं ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और निष्पक्षता से निर्वहन करें। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि बिना सक्षम अनुमति ड्यूटी से नदारद रहने, निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने अथवा आयोग के दिशा-निर्देशों की अवहेलना करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ईवीएम के सुरक्षित रखरखाव, निर्धारित प्रक्रिया के तहत संचालन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की नियमित निगरानी रखने और किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर तुरंत दंडात्मक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Share :