बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
विद्युत विभाग कोटपूतली-बहरोड़ के तत्वावधान में ऊर्जा बचाएं, भविष्य संवारें थीम पर एक दिवसीय ऊर्जा संरक्षण एवं विद्युत सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण, सौर ऊर्जा, बिजली के सदुपयोग और विद्युत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने रोजमर्रा के जीवन में बिजली बचाने के व्यावहारिक उपाय साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनावश्यक जल रहे विद्युत उपकरणों को तुरंत बंद करने तथा ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के तौर-तरीकों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भावी पीढ़ी को जागरूक रहने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण और विद्युत सुरक्षा के प्रति गहरी समझ विकसित कर उन्हें बिजली के जिम्मेदार उपयोग व पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग नागरिक बनाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक आनंद मित्तल, प्रधानाचार्य श्रीमती शिल्पा सिंह सहित विद्युत विभाग के प्रमुख अधिकारी आर.एस. बंसल, राजीव बिराना, रेखा राठौड़, अमित ढाका, अमित यादव, चंदन सैन, महेश यादव एवं विजय यादव उपस्थित रहे।
2026-11-03
