बहरोड़ 77.69 प्रतिशत के साथ अव्वल तो मैड़-कुण्डला में रहा सबसे कम 68.37 प्रतिशत मतदान

बहरोड़ 77.69 प्रतिशत के साथ अव्वल तो मैड़-कुण्डला में रहा सबसे कम 68.37 प्रतिशत मतदान

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पंचायती राज आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले की चारों पंचायत समितियों में कुल अंतिम मतदान 73.62 प्रतिशत दर्ज किया गया। सुबह 7:15 बजे शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई वोटिंग की रफ्तार समय बीतने के साथ लगातार बढ़ती गई। सुबह 10 बजे तक जिले में 15.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 37.49 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक तेज गति पकड़ते हुए 54.19 प्रतिशत तक पहुंच गया। इसके बाद शाम के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे शाम 6 बजे तक वोटिंग का ग्राफ 72.75 प्रतिशत को छू गया और अंतिम गणना में यह 73.62 प्रतिशत पर जाकर थमा। चारों पंचायत समितियों के तुलनात्मक आंकड़ों पर नजर डालें तो मतदाताओं के उत्साह के मामले में बहरोड़ पंचायत समिति सबसे आगे रही, जहां सर्वाधिक 77.69 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं नीमराना पंचायत समिति 74.85 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर तथा विराटनगर पंचायत समिति 70.97 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रही। इसके विपरीत, जिले में सबसे कम मतदान मैड़-कुण्डला पंचायत समिति में दर्ज किया गया, जहां 68.37 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने वोट डाले। जिला परिषद के 11 वार्डों के लिए भी अंतिम रूप से 73.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दिनभर चली इस सुचारू व पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के सफल समापन के साथ ही सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है।

Share :