शोक पर भारी पड़ा लोकतंत्र का फर्ज, पति के अंतिम संस्कार के बाद वोट डालने पहुंची विद्या देवी


बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को लोकतंत्र का महापर्व भारी उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। जिले की चार प्रमुख पंचायत समिति नीमराना, विराटनगर, मैड़-कुण्डला एवं बहरोड़ के अंतर्गत आने वाले 342 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस चरण में पंचायत समिति के 66 और जिला परिषद के 11 वार्डों के लिए मतदाताओं ने शाम 6 बजे तक उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कुतीना गांव में लोकतंत्र के प्रति अटूट निष्ठा की प्रेरक मिसाल सामने आई, जहां विद्या देवी ने अपने पति स्वर्गीय भानाराम कुमावत के सुबह हुए आकस्मिक निधन के बाद अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी कीं और सीधे मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला। उनका यह जज्बा पूरे क्षेत्र में चर्चा और प्रेरणा का विषय बना रहा।
उम्र और सीमाओं से परे दिखा जनसमर्थन
मतदान के दौरान विभिन्न आयु वर्गों और सामाजिक पृष्ठभूमि के मतदाताओं ने केंद्रों पर पहुंचकर ग्रामीण विकास की दिशा तय करने में भागीदारी निभाई। शारीरिक अशक्तता और उम्र के पड़ाव को दरकिनार करते हुए जहां बुजुर्ग मतदाताओं ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता जताई, वहीं घूंघट की ओट में महिलाओं और पहली बार वोट डाल रहे युवाओं में भी भारी जोश देखा गया। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को समावेशी और सुगम बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर और सहायक कर्मियों की व्यवस्था की गई। इससे दिव्यांग मतदाताओं को बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग करने में काफी सहूलियत मिली।
मुस्तैद रहा अमला, कल होगा पंच-सरपंच का चुनाव
शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने बहरोड़ के गंडाला स्थित आदर्श मतदान केंद्र सहित फौलादपुर एवं शाहजहांपुर केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के साथ नीमराना के रैवाना ग्राम स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका ने बताया कि 108 ग्राम पंचायतों के तहत नीमराना की 40 पंचायतों में 136 बूथ, विराटनगर की 27 पंचायतों में 79 बूथ, मैड़-कुण्डला की 18 पंचायतों में 57 बूथ और बहरोड़ की 23 ग्राम पंचायतों में 70 बूथों पर सुचारू रूप से मतदान कराया गया। मंगलवार को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान पूरा होने के बाद अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 5 नवम्बर को इन्हीं क्षेत्रों में पंच व सरपंच पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा।

