कलेक्टर को भेजा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
समीप के शुक्लावास गांव में खनन गतिविधियां चलाने के लिए नदी में मंदिर की भूमि से जबरन रास्ता निकालने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई की मांग करते हुए गलत तथ्यों को जोडक़र किए गए भूमि रुपांतरण को निरस्त कराने की मांग भी की। इस संबंध में राधेश्याम यादव ने कलेक्टर कल्पना अग्रवाल को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने बताया कि शुक्लावास गांव की नदी में पावर हाउस के सामने मन्दिर भूमि पर ट्रकों के आने-जाने के लिए अवैध रास्ता बनाया जा रहा है। शनिवार को इस संबंध में शिकायत की गई तो तहसीलदार रामधन गुर्जर ने पटवारी को निर्देश देकर काम बंद करवा दिया, लेकिन अब दुबारा रास्ता बनाने का काम शुरु कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नदी में क्रेशर चलाए जाने से आसपास की खेती बिगड़ेगी और पर्यावरण को भारी नुकसान होगा। उन्होंने भूमि रुपांतरण में भारी घालमेल का आरोप भी लगाया है और कहा कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
