कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत कोटपूतली में मंगलवार को फलों व सब्जियों में मिलावट की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सेब, आम, अंगूर, तरबूज, मौसमी, केला, भिंडी और करेला सहित कई फलों-सब्जियों के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक, एडीएम डा.ओमप्रकाश सहारण और सीएमएचओ डा.आशीष सिंह शेखावत के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आमजन को मिलावट रहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह भी चेतावनी दी गई कि यदि किसी फल या सब्जी को प्रतिबंधित रसायनों से पकाते हुए पाया गया, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फल-सब्जियों में उपयोग किए जाने वाले हानिकारक रसायन लीवर और हड्डियों को नुकसान पहुंचाते हैं, और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। साथ ही, सभी थोक व खुदरा विक्रेताओं को खाद्य लाइसेंस व पंजीयन अनिवार्य रुप से करवाने के निर्देश दिए गए हैं। बिना लाइसेंस फल-सब्जी बेचने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। यह अभियान नियमित रुप से जारी रहेगा, ताकि आम जनता तक शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाई जा सके।
2025-05-27
