विशेषज्ञों ने की ई-लाइब्रेरी सेवाओं पर चर्चा
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
समीप के पाथरेड़ी ग्राम स्थित कृषि महाविद्यालय में मंगलवार को एक दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा.सुरेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने पुस्तकों को ज्ञान का अमूल्य भंडार बताते हुए विद्यार्थियों को पुस्तकालय के प्रति सजग रहने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने का संदेश दिया। प्रदर्शनी में कल्याणी पब्लिशर्स और एस्ट्रल इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा कृषि विज्ञान, बागवानीए कीट विज्ञान, मृदा विज्ञान, मौसम विज्ञान और कृषि अभियांत्रिकी जैसे विविध विषयों पर आधारित नवीनतम एवं शोधपरक पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। विभागाध्यक्षों द्वारा पुस्तकालय के लिए उपयुक्त पुस्तकों की अनुशंसा की गई, साथ ही उपस्थित शिक्षकों ने प्रकाशकों से ई-लाइब्रेरी सेवाओं, डिजिटल बुक्स और ऑनलाईन रिसोर्सेस को लेकर भी चर्चा की, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से भी सुलभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध हो सके। सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डा.सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां नियमित अंतराल में आयोजित की जाती हैं, जो विद्यार्थियों को नवीनतम शैक्षणिक सामग्री से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें पुस्तकालय से जोडऩे में सहायक होती हैं। प्रदर्शनी में डा.डीके बैरवा, डा.पार्वती दीवान, डा.विष्णु शंकर, डा.नीरज मीना, डा.सुशीला ऐचरा, डा.प्रवीण हटवाल, डा.दीपक सैनी सहित अनेक संकाय सदस्य मौजूद रहे।
