सतर्कता समिति की बैठक में जिला कलक्टर का सख्त निर्देश: आपसी तालमेल से करें जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण

सतर्कता समिति की बैठक में जिला कलक्टर का सख्त निर्देश: आपसी तालमेल से करें जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण

राजस्थान संपर्क 2.0 की शिकायतों की हुई समीक्षा

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़

कोटपूतली स्थित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय सभागार में सोमवार को जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आमजन से जुड़ी समस्याओं, जनसुनवाई में दर्ज प्रकरणों तथा राजस्थान संपर्क 2.0 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान एडीएम ओमप्रकाश सहारण सहित समिति सदस्य सविता यादव, उम्मेद भाया, एलन स्वामी, निर्मल पंसारी, भागीरथ सैनी, शशिकांत बोहरा, मातादीन दहमीवाल, नीलम जैन, हीरालाल रावत एवं रविंद्र मीणा उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि समिति का मुख्य उद्देश्य आमजन की शिकायतों का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और आपस में बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयावधि में उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान करने पर जोर दिया ताकि परिवादियों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। बैठक में सतर्कता समिति के सदस्यों ने शाहजहाँपुर टोल पर स्थानीय लोगों को टोल छूट, राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों की रोकथाम, बिजली के ढीले तारों को सही करने और खराब रोड लाइटों की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और खाद्य सुरक्षा के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई मुस्तैदी से करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मनोरमा यादव, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता जगदीश प्रसाद यादव, जलदाय अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, विद्युत अधीक्षण अभियंता राधेश्याम बंसल और सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत सहित जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Share :