बहरोड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, सैकड़ों लीटर दूषित दूध व मिठाइयां नष्ट

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
त्योहारी सीजन के मद्देनजर आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावटखोरों पर नकेल कसने के उद्देश्य से बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरूका के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बहरोड़ क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में की गई इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न मावा निर्माण इकाइयों और मिठाई प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर भारी मात्रा में संदिग्ध व दूषित खाद्य सामग्री सीज करने के साथ ही मौके पर ही नष्ट करवाई गई। टीम ने बहरोड़ स्थित मेसर्स सांवरिया मिल्क फूड्स का निरीक्षण कर वहां से गुलाब जामुन, रसगुल्ला, मिक्स्ड मिल्क, क्रीम एवं मिल्क केक के नमूने संकलित किए; साथ ही मिलावट की प्रबल आशंका के चलते लगभग 510 किलोग्राम गुलाब जामुन व रसगुल्ला तथा 200 किलोग्राम क्रीम सीज कर दी गई। इसके अलावा इसी प्रतिष्ठान से करीब 10 किलोग्राम सिंथेटिक रंग से तैयार रसगुल्ले, 80 किलोग्राम रिफाइंड तेल, ग्लूकोज, मिल्क पाउडर, सूजी व मैदा से बना मिल्क केक, लगभग 550 लीटर दूषित दूध और 50 किलोग्राम दूषित क्रीम को तुरंत प्रभाव से नष्ट करवाया गया। इसके पश्चात टीम ने मेसर्स कृष्णा रसगुल्ला भंडार पर छापा मारकर राजभोग का नमूना लिया और वहां पाए गए करीब 65 लीटर दूषित दूध व 65 किलोग्राम सिंथेटिक रंग युक्त रसगुल्लों को नष्ट करवाया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों और साफ-सफाई में गंभीर कमियां मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को इम्प्रूवमेंट नोटिस थमाते हुए सुरक्षित निर्माण, भंडारण एवं स्वच्छता संबंधी नियमों की कड़ाई से पालना के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा एवं नेहा शर्मा की मौजूदगी में संपन्न हुई इस कार्रवाई के बाद विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारों पर खरीदारी करते समय मिठाइयों की गुणवत्ता और शुद्धता के प्रति पूरी तरह सतर्क रहें।

