KOTPUTLI-BEHROR: शक्ति दिवस पर 10 हजार से अधिक लाभान्वित

KOTPUTLI-BEHROR: शक्ति दिवस पर 10 हजार से अधिक लाभान्वित

लू से बचाव को लेकर आरआरटी टीम गठित

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.पूरणचंद गुर्जर के निर्देशन में अनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के तहत मंगलवार को शक्ति दिवस का आयोजन किया गया। यह दिवस हर मंगलवार को मनाया जाता है, जिसमें अनीमिया की समय रहते पहचान और उपचार पर जोर दिया जाता है। इस बार शक्ति दिवस का आयोजन कोटपूतली ब्लॉक की सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, राजकीय विद्यालयों, हैल्थ एवं वेलनेस सेन्टरों, सीएचसी, पीएचसी और चिकित्सा संस्थानों पर किया गया। कार्यक्रम में अनीमिया स्क्रीनिंग, हीमोग्लोबिन जांच, आयरन की गोलियों का वितरण तथा अनीमिया से बचाव हेतु जागरुकता गतिविधियां आयोजित की गई। डा.गुर्जर ने बताया कि इस अवसर पर 6 माह से 5 वर्ष तक के 5994 बच्चे, 5 से 9 वर्ष तक के 1311 बच्चे, 10 से 19 वर्ष तक की किशोर-किशोरियां 1390, 764 गर्भवती महिलाएं और 572 धात्री माताएं शामिल रही। इस तरह कुल 10031 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई। बीपीएम विजय तिवारी ने पीएचसी रघुनाथपुरा और गोनेड़ा का निरीक्षण कर मॉनिटरिंग की। बीएनओ प्रेमप्रकाश सैनी द्वारा शक्ति दिवस की रिपोर्टिंग भी की गई। डा.गुर्जर ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार भीषण गर्मी और संभावित लू से बचाव हेतु ब्लॉक कोटपूतली में आरआरटी (रेपिड रेस्पॉन्स टीम) का गठन कर दिया गया है। साथ ही प्रत्येक पीएचसी और सीएचसी पर बैड आरक्षित किए गए हैं।

Share :