आधी से ज्यादा सीटें भरी
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
जिला कोटपूतली-बहरोड़ के ग्राम पवाना अहीर में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास में सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9 से 12 में अध्ययनरत छात्राओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। यह जानकारी पीईईओ प्राचार्य महेश चंद यादव ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य व केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित इस छात्रावास में वंचित व जरुरतमंद बालिकाओं को प्राथमिकता के आधार पर नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी, बीपीएल, अल्पसंख्यक, अनाथ, दिव्यांग, बेघर व एकल माता-पिता की बालिकाएं शामिल हैं। व्याख्याता रामकरण यादव ने बताया कि अब तक लगभग 50 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं। छात्रावास में भोजन, कपड़े, स्टेशनरी, शैक्षिक सामग्री, छात्रवृत्ति, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, महिला स्टाफ और स्वास्थ्यवर्धक भोजन की पूरी व्यवस्था है। प्रवेश के लिए छात्रा व अभिभावकों को आवेदन पत्र के साथ फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास व अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र संलग्न करने होंगे। छात्रावास में शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक, आत्मरक्षा, योगा, स्काउट-गाइड, मीना मंच और अन्य सह शैक्षिक गतिविधियां भी कराई जाती हैं।
