12 जून तक ग्राम पंचायत स्तर पर होंगे आयोजन
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज
कृषि विभाग द्वारा जिले के किसानों को समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी घर बैठे उपलब्ध कराने के लिए 12 मई से 12 जून तक ग्राम पंचायत स्तर पर किसान गोष्ठियां आयोजित की जायेंगी। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक महेंद्र कुमार जैन ने बताया कि गोष्ठियों में किसानों को मिटटी में उपलब्ध पोषक तत्वों के आधार पर फसलवार संतुलित उर्वरक दिए जाने, डीएपी के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट, एनपीके उर्वरकों, जिप्सम, जैविक उर्वरकों, नेनो यूरिया व डीएपी के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को गर्मी की गहरी जुताई, संतुलित उर्वरकों के उपयोग, नेनो यूरिया व डीएपी के उपयोग से होने वाले लाभ के संबध में भी विस्तार से अवगत कराया जाएगा। जैन ने कहा कि 12 जून 2025 तक किसान गोष्ठियों में अधिकाधिक संख्या में भाग लें, ताकि खेती की नवीनतम जानकारी किसान भाईयों को मिल सके। जिले में आयोजित होने वाली किसान गोष्ठियों का ग्राम पंचायतवार कार्यक्रम निर्धारित किया जा चुका है। गोष्ठियों में विभागीय योजनाओं की जानकारी व अनुदानित योजनाओं में आवेदन करने के संबध में भी जानकारी दी जाएगी।