अधिकारों और योजनाओं की मिली जानकारी
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में कोटपूतली के नारेहड़ा, खड़ब और सरुंड में विशेष जनजागरूकता शिविरों का सफल आयोजन किया गया। प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि शर्मा एवं सचिव नीलम मीणा के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने ग्रामीणों को आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनके लिए बने विधिक प्रावधानों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। कार्यक्रम के तहत पीएलवी संजय कुमार जोशी और नितिन सिंह ने ग्राम पंचायत नारेहड़ा में, पीएलवी सत्यदेव शर्मा ने ग्राम पंचायत खड़ब में तथा पीएलवी दीक्षा शर्मा ने सरुंड में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्हें कानूनी जानकारी दी। इन शिविरों के दौरान ग्रामीणों को नालसा की ‘आदिवासियों के संरक्षण एवं प्रवर्तन अधिकार योजना, 2015’ की विस्तृत जानकारी दी गई और बताया गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके अधिकारों से संबंधित ज्ञान पहुंचाना है। वालंटियर्स ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी आवश्यकता या समस्या के समय विधिक सहायता प्राप्त करने में संकोच न करें। इस मौके पर नारेहड़ा ग्राम पंचायत के कनिष्ठ लिपिक सुरेश कुमार, नरेगा मेट विक्रम मीणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Share :
