साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चेकबुक व एटीएम बरामद
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़ साइबर क्राइम पुलिस थाना टीम ने म्यूल अकाउंट्स के जरिए ऑनलाइन सट्टा, ट्रेडिंग और साइबर ठगी को अंजाम देने वाले नेटवर्क पर कड़ा प्रहार करते हुए वांछित आरोपी सुधीर शर्मा (25) निवासी नांगल खोड़िया, बहरोड़ सदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे साइबर अभियान के तहत एएसपी नाजिम अली खान, डीएसपी लक्ष्मी सुथार और थानाधिकारी दयाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण व खुफिया जानकारी के आधार पर यह सफलता हासिल की। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी स्थानीय भोले-भाले युवाओं को अच्छी नौकरी और सरकारी योजनाओं का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता था और उनकी पासबुक, चेकबुक, सिम और एटीएम कार्ड अपने पास रखकर साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोहों को किराये पर उपलब्ध कराता था। पुलिस से बचने और अवैध राशि को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ठगी के पैसों से डिजिटल करेंसी की खरीद-फरोख्त करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी खातों से जुड़े दस्तावेज, चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं तथा उससे गहन पूछताछ जारी है। वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे पैसों के लालच में आकर अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें, क्योंकि ऐसा करना कानूनी अपराध है।
Share :
