JAIPUR: कौन हैं भजनलाल शर्मा? राजस्थान में ब्राह्मण चेहरे को मुख्यमंत्री बनाया, विधायक दीया कुमारी और विधायक प्रेमचंद बैरवा होंगे उप मुख्यमंत्री

JAIPUR: कौन हैं भजनलाल शर्मा? राजस्थान में ब्राह्मण चेहरे को मुख्यमंत्री बनाया, विधायक दीया कुमारी और विधायक प्रेमचंद बैरवा होंगे उप मुख्यमंत्री

सांगानेर से विधायक हैं भजनलाल शर्मा

भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी हैं शर्मा

जयपुर/सच पत्रिका न्यूज
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बाद भाजपा नेतृत्व ने अब राजस्थान में भी मुख्यमंत्री के चौकाने वाले नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने सभी को चौंकाते हुए ब्राह्मण चेहरे भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया है। शर्मा जयपुर के सांगानेर विधानसभा से विधायक हैं। वर्तमान में भजनलाल शर्मा भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी हैं और मूल रुप से वे भरतपुर के रहने वाले हैं। भजनलाल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का करीबी माना जाता है। विधायक दल की मीटिंग में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भजनलाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा। इसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। वहीं, भाजपा ने दो उप मुख्यमंत्री की भी घोषणा की है। भाजपा विधायक दीया कुमारी तथा विधायक प्रेमचंद बैरवा राजस्थान के उप मुख्यमंत्री होंगे। दीया कुमारी काफी चर्चित नाम है।

राजनाथ ने वसुंधरा के साथ की मीटिंग

देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भाजपा ने पर्यवेक्षक के तौर पर राजस्थान भेजा है, जबकि सह पर्यवेक्षक के रुप में सरोज पांडे व विनोद तावड़े को नियुक्त किया गया है। राजनाथ सिंह ने विधायक दल की बैठक से पहले पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से मीटिंग की थी और उसके पश्चात राजनाथ विधायक दल की बैठक में वसुंधरा राजे के साथ शामिल हुए। इससे पहले विधाायकों के साथ उनका फोटो सैशन भी हुआ।

सांगानेर से चुने गए विधायक

जानकारी के मुताबिक, भजनलाल शर्मा जयपुर की सांगानेर विधानसभा से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। वे चार बार राजस्थान में प्रदेश महामंत्री चुने जा चुके हैं। वर्तमान में भी वह संगठन में सक्रिय है। भाजपा ने इसी विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक अशोक लोहाटी का टिकट काटकर भजनलाल शर्मा को दिया था। भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48 हजार 81 मतों के अंतर से पराजित किया था।

भरतपुर के रहने वाले है भजनलाल

सांगानेर चुनाव लडऩे के दौरान भजनलाल शर्मा पर बाहरी होने के आरोप भी कांग्रेस द्वारा लगाए गए थे। भजनलाल शर्मा भरतपुर के रहने वाले है। किन्तु इन सबके बावजूद भजनलाल शर्मा ने बड़े अंतर से सांगानेर में जीत दर्ज की। सूत्रों की मानें तो भजनलाल शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा संगठन दोनो के बेहद नजदीक माने जाते हैं। भाजपा नेतृत्व ने राजस्थान में सामान्य वर्ग में एक मजबूत चेहरे को तौर पर उन्हें माना और इसी कारण भजनलाल को मुख्यमंत्री घोषित किया गया है।

Share :