बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़। शहर के नागाजी की गौर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय भारी विवाद खड़ा हो गया, जब पेयजल की नई पाइपलाइन डालने पहुंची जलदाय विभाग की टीम कुछ ही देर में पाइप और जेसीबी समेत सभी संसाधन समेटकर मौके से वापस लौट गई। लंबे समय से गंभीर पेयजल संकट झेल रहे स्थानीय निवासियों ने जब विभाग की टीम को अचानक काम अधूरा छोड़कर जाते देखा, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित वार्डवासी एकजुट होकर सीधे जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय निवासी कुंदन लाल आर्य, सुंदरलाल घोघले, पप्पूराम सहित अन्य लोगों ने बताया कि इलाके में कई जगह पाइपलाइन है ही नहीं और जहां है, वह पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। करीब 8 महीने पहले विभाग ने मौका मुआयना कर नई लाइन डालने का काम शुरू किया था, लेकिन पाइप की कमी बताकर काम रोक दिया गया था। मंगलवार को जब विभाग की टीम जेसीबी, ट्रैक्टर और नई पाइप लेकर मौके पर पहुंची, तो क्षेत्रवासियों को राहत की उम्मीद जगी, मगर तभी किसी का फोन आने पर कर्मचारी सामान समेटकर उल्टे पैर लौट गए। कार्यालय पहुंचे लोगों को जब संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार से मुलाकात की। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय कर्मचारियों के आचार संहिता वाले तर्क को खारिज करते हुए कहा कि यह कोई नया काम नहीं बल्कि पहले से अधूरा पड़ा कार्य है, जिसे पूरा करने पर कोई रोक नहीं है। अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर पहुंचे सहायक अभियंता हंसराज गुर्जर ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि बुधवार को पाइपलाइन डालने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार को काम शुरू नहीं हुआ, तो वे सभी जिला कलेक्टर कार्यालय पर जाकर उग्र प्रदर्शन करेंगे।


