बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
जिले के हरसौरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश, एएसपी नाजिम अली खान के निर्देशन तथा डीएसपी सुहासी जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रकाशसिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस ने दामोदर का बास तन छिण्ड निवासी महिपाल गुर्जर पुत्र हनुमान, गोवर्धन पुत्र रामलाल, रामफल उर्फ रामपाल पुत्र रामकरण और विक्रम पुत्र घीसाराम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बांस की लाठियां जब्त की हैं। इस प्रकरण में दो आरोपियों को पुलिस द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गौरतलब है कि 6 सितंबर को परिवादी मैडा तन छिण्ड निवासी सुगलाराम गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे जब उसका बेटा सचिन, कृष्ण, भतीजा अमित और पत्नी मूर्ति देवी घर के अंदर बैठे थे, तभी आरोपियों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उन पर कुल्हाड़ी, लाठी, सरिया और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया और अब चारों फरार आरोपियों को दबोच लिया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी प्रकाशसिंह के साथ एएसआई अमरसिंह, हेड कांस्टेबल धर्मवीरसिंह, कांस्टेबल ललित कुमार, महिपालसिंह और दिनेश कुमार शामिल रहे।
2026-11-16
