विकास कार्यों में लाएं तेजी और समयबद्ध करें जनसमस्याओं का निस्तारण: कलक्टर

विकास कार्यों में लाएं तेजी और समयबद्ध करें जनसमस्याओं का निस्तारण: कलक्टर

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट घोषणाओं, जनसुनवाई प्रकरणों और प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कलक्टर ने बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित मॉनिटरिंग के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई तथा राजस्थान सम्पर्क 2.0 पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की विभागवार स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, शीघ्रता और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्यवाही करने तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप-3) की गाइडलाइन की अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी व सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य अभियानों की समीक्षा के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा पल्स पोलियो एवं एचपीवी टीकाकरण की जानकारी दी गई, जिस पर कलक्टर ने व्यापक जनजागरूकता के जरिए शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को जोड़ने और 22 व 23 नवम्बर को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान को आपसी समन्वय से सफल बनाने के निर्देश दिए। इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका, एसीईओ गोपाल लाल मीणा, तहसीलदार रामधन गुर्जर, नगर परिषद बहरोड़ आयुक्त अभिषेक शर्मा, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, एसई पीडब्ल्यूडी जगदीश प्रसाद यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share :