बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, कोटपूतली सीमेंट वर्क्स की मोहनपुरा-जोधपुरा चूना पत्थर खदान में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खनन कार्यों में पर्यावरण संरक्षण, खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक व सतत उपयोग तथा सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में खदान प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी उपस्थित जनों को हरित खनन, सुरक्षा नियमों के पालन और खनिज संरक्षण की शपथ दिलाई गई, साथ ही खदान क्षेत्र में चल रहे वृक्षारोपण, जल संरक्षण और सतत खनन से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में पर्यावरण और खनिज संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर सुरक्षित रखने के लिए अनिवार्य बताते हुए सभी से सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को क्रिटिकल मिनरल्स (लिथियम, कोबाल्ट, निकेल, ग्रेफाइट और रेयर अर्थ तत्व) के महत्व से भी अवगत कराया गया और बताया गया कि स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, आधुनिक तकनीक तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के साथ-साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास के लिए इनका जिम्मेदार व सतत खनन बेहद महत्वपूर्ण है।

