नगर परिषदों को 3-3 करोड़ और पालिकाओं को 1-1 करोड़ रुपये आवंटित

नगर परिषदों को 3-3 करोड़ और पालिकाओं को 1-1 करोड़ रुपये आवंटित

कलक्टर ने दिए गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्देश

कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़

जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की सभी नगरीय निकायों एवं उपखण्ड अधिकारियों की बैठक लेकर राज्य वित्त आयोग के तहत मूलभूत सुविधाओं के लिए आवंटित राशि का जनहित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में अत्यावश्यक जनोपयोगी विकास कार्यों हेतु नगर पालिकाओं को एक-एक करोड़ और नगर परिषदों को तीन-तीन करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इस बजट के समुचित उपयोग और पारदर्शी चयन के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में एक विशेष समिति गठित की गई है, जिसमें एडीएम और संबंधित एसडीएम सदस्य होंगे। यह समिति निकायों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर कार्यों का चयन करेगी। कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस राशि का उपयोग सार्वजनिक साफ-सफाई, सड़क व नाली मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता उपकरणों की उपलब्धता जैसे कार्यों में किया जाए ताकि आमजन को त्वरित व प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर प्रगति का नियमित निरीक्षण करें। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी वीसी के जरिए मौजूद रहे।

Share :