कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में कोटपूतली थाना पुलिस ने जाली नोटों के निर्माण और सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए गैंग के मुख्य सरगना को हरियाणा से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान और वृत्ताधिकारी मदनलाल जैफ के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य सरगना संजीव अहलावत (28), निवासी गोच्ची (झज्जर, हरियाणा) को झज्जर से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में पूर्व में 23 अगस्त को संदिग्ध गतिविधियों की चेकिंग के दौरान निशीकान्त गुप्ता और राहुल सैनी को पकड़ा गया था, जिनके कब्जे से 500-500 रुपये के 135 जाली नोट (कुल 67,500 रुपये) बरामद किए गए थे। इसके अलावा आरोपियों द्वारा बाजार में जाली नोट खपाकर हासिल की गई 14,440 रुपये की असली नकदी भी जब्त की गई थी। इस संबंध में थाना कोटपूतली पर बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके तहत 24 अगस्त को जाली नोटों की सप्लाई से जुड़े आरोपी चिराग भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद गहन अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए गिरोह के मुख्य सरगना संजीव अहलावत को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार मुख्य आरोपी से जाली नोट तैयार करने वालों और गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
2026-08-28
