बदहाल खेल मैदान व शिक्षा के मुद्दों पर अधिकारियों को देंगे ज्ञापन

बदहाल खेल मैदान व शिक्षा के मुद्दों पर अधिकारियों को देंगे ज्ञापन

पंचायत की कमान युवाओं को सौंपने का लिया संकल्प
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़/
कोटपूतली-बहरोड़। नारेहड़ा कस्बे के स्कूल खेल मैदान में यूथ ग्रुप की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें गांव के समग्र विकास, विद्यालय में घटती छात्र संख्या, खेल मैदान की बदहाली और आगामी पंचायत चुनावों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। बैठक में युवाओं ने स्कूल में छात्रों की घटती संख्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा विभाग के समक्ष उठाने और विद्यालय विकास समिति में सक्रिय युवाओं को शामिल करने की मांग रखी। साथ ही खेल मैदान में जल निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश का पानी भरने और खिलाड़ियों को हो रही भारी असुविधा पर कड़ा रोष जताया गया। इन समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। बैठक में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि सीट किसी भी श्रेणी में आरक्षित हो, गांव के विकास के लिए युवा सरपंच प्रतिनिधि को समर्थन देकर पंचायत की कमान युवाओं के हाथों में सौंपी जाएगी। इस अवसर पर संजय जोशी, प्रशांत भारद्वाज, रवि भारद्वाज, सोनू सिंह, नितिन शर्मा, अनुज सिंह, दिलीप सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, राहुल जोशी, नीरज सिंह, श्याम शर्मा, जितेंद्र सिंह, रमाकांत भंवरायत, सुनील सैनी, टिंकू सैनी, निक्की सिंह, हेमंत सिंह और कपिल सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Share :