बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में स्वयंसेवी संस्था आओ साथ चलें द्वारा संचालित प्रसादम अभियान के तहत सोमवार को सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां दो परिवारों ने अपनों के जन्मदिन की खुशियां जरूरतमंदों और मरीजों के तीमारदारों को भोजन कराकर साझा कीं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अश्विनी गोयल के पुत्र डॉ. ईशान गोयल के जन्मदिन के अवसर पर परिवार की ओर से भंडारे का आयोजन कर मानव सेवा का संदेश दिया गया, वहीं बैंक कॉलोनी, अलवर निवासी स्वाती गर्ग ने अपनी सास सुनीता गर्ग के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अस्पताल परिसर में भंडारा लगाकर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। उल्लेखनीय है कि संगठन के राष्ट्रीय संयोजक विष्णु मित्तल की प्रेरणा से यह प्रसादम अभियान 5 जुलाई 2019 से अनवरत संचालित हो रहा है। संस्था के स्थानीय संयोजक आनंद मित्तल ने बताया कि इस मुहिम से प्रेरित होकर क्षेत्र के नागरिक अब अपने जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि और मांगलिक अवसरों पर फिजूलखर्ची के बजाय भंडारा आयोजित कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं, जिसकी क्षेत्रवासियों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की जा रही है। भंडारे के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर राहुल सैनी सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
2026-11-16
